उचक्कों ने गौरापड़ाव स्थित खड़िया फैक्ट्री के सामने रविवार की शाम खड़ी फार्चूनर गाड़ी का शीशा तोड़कर बैग में रखे लाइसेंसी रिवाल्वर और पासपोर्ट उड़ा लिया। व्यवसायी ने घटना के बाबत कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मौके का मुआयना कर उचक्कों की तलाश कर रही है।
मूलरूप से बागेश्वर के रहने वाले खड़िया व्यवसायी राजेेंद्र सिंह दफौटी जजफार्म में रहते हैं। रविवार शाम व्यवसायी अपनी फार्चूनर गाड़ी बाहर खड़ी कर अंदर मीटिंग कर रहे थे। एक घंटे बाद व्यवसायी बाहर निकले तो फार्चूनर गाड़ी का शीशा टूटा हुआ था। गाड़ी से बैग गायब था। बैग में लाइसेंसी रिवाल्वर (छह कारतूस सहित) और पासपोर्ट के साथ चेक भी थे। व्यवसायी ने कोतवाली आने पर घटना से कोतवाल आरएस मेहता को अवगत कराया। इस मामले में पुलिस की टीम ने फैक्ट्री के पास पहुंचकर लोगों से पूछताछ की। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल के निर्देश पर पुलिस उचक्कों की तलाश करने के लिए रेलवे स्टेशन और अन्य जिलों से डेरा लगाकर रह रहे लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस कयास लगा रही है कि उचक्कों ने पैसे के लालच में लक्जरी गाड़ी से बैग उड़ाया है ।