जिंदगी से तंग आए अल्मोड़ा के एक युवक ने रविवार को दिन दहाड़े यहां तल्लीताल क्षेत्र में झील में छलांग लगाकर जीवन लीला खत्म करने का प्रयास किया। वो तो गनीमत रही कि आसपास मौजूद नौका चालकों की नजर इस युवक पर पड़ गई और उन्होंने किसी तरह झील में उतरकर युवक को सकुशल बाहर निकाल कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के मुताबिक माल रोड में पंप हाउस के समीप रविवार दोपहर एक युवक काफी देर तक झील किनारे गुमसुम बैठा हुआ था और तभी अचानक डेढ़ बजे के करीब उसने झील में छलांग लगा दी। छलांग लगाने के कुछ देर बाद ही युवक चीखने लगा।
घटना के दौरान पास में मौजूद नौका चालक दीपक सोनकर व अन्य लोगों ने किसी तरह युवक को झील से बाहर निकाला। इस दौरान युवक का मोबाइल झील में कहीं गुम हो गया। आनन फानन में तल्लीताल पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक से पूछताछ की।
तल्लीताल पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा ब्लाक के ग्राम मिरई निवासी सुंदर आर्या (20) पुत्र पनीराम के रूप में हुई है। पुलिस ने युवक से आत्महत्या के प्रयास के संबंध में पूछताछ करनी चाही लेकिन सदमे में होने के कारण वह पुलिस को कुछ जानकारी नहीं दे सका। पुलिस ने युवक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।