नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर एरीज बैंड के समीप कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अनियंत्रित कार ऊपरी मार्ग से पलटकर नीचे मार्ग पर आ गिरी। हादसे में मुरादाबाद निवासी दो युवक घायल हो गए। इनमें एक को हल्द्वानी रेफर किया गया है।
पुलिस के मुताबिक रविवार की दोपहर 3 बजे मारुति 800 (यूके07-2677) हल्द्वानी की ओर जा रही थी। इसी बीच एरीज बैंड के समीप अनियंत्रित होकर ऊपरी मार्ग से लुड़ककर लगभग 60 फीट नीचे मार्ग पर आ गिरी। कार सवार मनोज अग्रवाल (37) पुत्र देवीशरण निवासी लाजपथ नगर कठघर मुरादाबाद तथा बलराम (35) पुत्र लाखन निवासी चांदपुर थाना कुदरही मुरादाबाद घायल हो गए।
सूचना पर तल्लीताल थानाध्यक्ष इंदर सिंह राणा, एसआई संजय बृजवाल, जगदीश आदि के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को बीडी पांडे अस्पताल लाया गया, जबकि वाहन को सड़क के किनारे किया गया। बलराम की गर्दन में अंदरूनी चोट आने के कारण पैरालिटिक के लक्षण प्रकट हो रहे हैं, जिसके चलते उन्हें हल्द्वानी रेफ कर दिया गया। मनोज के सिर में खुली चोट होने से टांके लगाकर पट्टी कर दी गई है।