नैनीताल रोड पर जजी के पास रविवार रात दो कारों के बीच टक्कर होने पर दबंगों ने वृद्ध कार मालिक को पीट दिया। विरोध करने पर उसके कार के शीशे तोड़ दिए। पीड़ित वृद्ध ने भोटिया पड़ाव चौकी में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जगतपुर गौलापार निवासी रमेश सिंह मेहरा (61) रविवार रात एक होटल में खाना खाकर कार से घर लौट रहे थे। नैनीताल रोड पर उन्होंने मुड़ने के लिए इंडीकेटर जलाया और हाथ भी दिया। आरोप है कि इस बीच लाल रंग की कार के चालक ने उनकी कार को टक्कर मार दिया। बताया जाता है कि लाल रंग की कार पर स्थानीय लोग सवार थे।
उन्होंने उतरने के बाद रमेश सिंह को कार से खींचकर पीटा। वृद्ध के कहने पर भी दबंग नहीं रुके। उन्होंने कार का शीशा तोड़कर चाभी निकाल ली। दबंग राजनीतिक पहुंच की धौंस जमाते हुए चले गए। वृद्ध ने घटना की लिखित जानकारी भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी में दी है।