नगर के माल रोड में एचडीएफसी बैंक के पीछे स्थित गिफ्ट सेंटर के गोदाम तथा आंगनबाड़ी केंद्र में रविवार की देर सायं भीषण आग लग गई जिससे गोदाम व आंगनबाड़ी केंद्र में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड, पुलिस कर्मियों ने लोगों की मदद से करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू किया। आग से लाखों रुपये के सामान का नुकसान का अनुमान है।
जानकारी के मुताबिक एचडीएफसी बैंक के पीछे मनभावन गिफ्ट सेंटर के स्वामी वीर पाल सिंह का गोदाम है। साथ ही उसके बगल में आंगनबाड़ी केंद्र भी है। रविवार शाम करीब पौने सात बजे इस बंद गोदाम से लोगों ने धुआं उठते देखा जिसके बाद उन्होंने इसकी सूचना फायर ब्रिगेड व मल्लीताल कोतवाली को दी। फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचकर आग बुझाने लगी। मगर पानी की बौछारों के बाद भी आग ने विकराल रूप ले लिया। गोदाम से सटे आंगनबाड़ी केंद्र में भी आग की लपेटें पहुंच गयी और वह भी धू धू कर जलने लगा।
आंगनबाड़ी केंद्र के भीतर गैस के सिलेंडर होने की सूचना से मौके पर अफरा तफरी का माहौल बन गया । जिसके बाद प्राथमिकता के साथ गैस सिलेंडर को निकालने की कार्रवाई शुरू की गई। जिसके बाद एक भरा गैस सिलेंडर बाहर निकाला गया। आग की सूचना मिलने पर संयुक्त मजिस्ट्रेट आशीष चौहान व एएसडीएम बंदना सिंह, सीओ राकेश देवली भी मौके पर पहुंच गए। आग पर फायर ब्रिगेड की तीन वाहनों के माध्यम से काबू पाने का प्रयास किया गया इसके अलावा लोगों ने भी बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने में सहयोग दिया।
आग लगने के कारण पर्यटन विभाग दफ्तर, एचडीएफसी बैंक, नैनीताल बैंक, आहार विहार समेत कई अन्य भवनों व प्रतिष्ठानों पर भी खतरा मंडराने लगा जिस पर फायर ब्रिगेड व लोगों ने आग को इन भवनों तक पहुंचने से रोकने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस दौरान आग लगने की सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने भी माल रोड क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद कर दी थी।
आग इतनी भीषण थी कि गोदाम समेत आंगनबाड़ी केंद्र के अलावा दो अन्य कमरे जलकर राख हो गए और लाखों रुपये का सामान आग की भेंट चढ़ गया। आग बुझाने में कोतवाली प्रभारी महेश जोशी, पटवारी अमित साह, तल्लीताल थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक, एसएसआई सतीश कापड़ी, इंद्रजीत,राजीव उप्रेती, लीडिग फायर मैन दुर्गा सिंह भंडारी, कुलदीप,उमेश, रामगिरी, उमेश कुमार, नीरज कुमार, बीसी पांडे, भानु प्रताप ओली,कानू साह, पूरन नेगी, भय्यू जोशी, विवेक साह, कुंदन नेगी, चंद्रशेखर जोशी समेत क्षेत्रीय लोगों ने सहयोग दिया।
नैनीताल की माल रोड में रविवार को जिस क्षेत्र में आग लगी वहां पर एचडीएफसी बैंक, नैनीताल बैंक समेत पर्यटन विभाग के मंडलीय दफ्तरों के साथ ही कई गिफ्ट सेंटर व होटल हैं लेकिन इसके बाद भी वहां पर सड़क किनारे कोई फायर हाइड्रेंट नहीं है जिसकी वजह से आज आग बुझाने मेें फायर ब्रिगेड को काफी परेशानी उठानी पड़ी। फायर ब्रिगेड की ओर से तल्लीताल दर्शनघर व मल्लीताल कोतवाली तिराहे से पानी लाकर आग बुझायी गयी जिसकी वजह से आग बुझाने में काफी समय लग गया।