नैनीताल। बजून में संदिग्ध परिस्थितियों में व्यापारी की मृत्यु हो गई। शुक्रवार सुबह उसका शव पेड़ पर लटका मिला। प्रधान ने घटना का कारण हृदयाघात बताया कि पटवारी सीमा विवाद बताते रहे। इसलिए परिजनों ने पुलिस को बताए बिना अंतिम संस्कार कर दिया।
नैनीताल-कालाढूंगी मोटर मार्ग स्थित गांव बगड़ पट्टी बजून निवासी लाल सिंह सिजवाली (43) पुत्र जीवन सिंह शुक्रवार तड़के चार बजे घर के पास ही पेड़ पर लटका मिला। रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे और गांव वालों की मदद से शव को नीचे उतारा गया। ग्रामीणों ने आत्महत्या की आशंका जताई है जबकि बजून के ग्राम प्रधान गोविंद ने दिल का दौरा बताया। सिविल पुलिस का कहना है कि लाल सिंह के परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इनकार किया है। राजस्व विभाग के पटवारी एक-दूसरे के कार्यक्षेत्र का मामला बताते रहे। एसडीएम विनोद कुमार ने अनभिज्ञता जताई। बताया कि जानकारी जुटाकर कार्रवाई की जाएगी। लाल सिंह की बजून और हल्द्वानी में दुकानें हैं। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं।
बजून में पेड़ पर लटका मिला व्यापारी का शव
पुलिस, राजस्व विभाग को बताए बिना परिजनों ने किया अंतिम संस्कार