हल्द्वानी। मां की ममता हार गई और सहेलियों का साथ इतना भा गया कि बीएड की छात्रा अपना घर छोड़ कर चली गई। मां ने आंसू बहाए लेकिन फिर भी उसका दिल नहीं पसीजा। छात्रा के बालिग होने पर प्रशासन ने भी उसे कहीं भी जाने की अनुमति दे दी।
नवाबी रोड निवासी एक छात्रा एमबीपीजी कॉलेज से बीएड कर रही है। घर में उसकी मां व बहन है जबकि पिता का स्वर्गवास हो चुका है। उसकी कालेज की सहेलियों में बहुत घुटती है। बुधवार को देर रात घर पहुंची तो बड़ी बहन ने समझाने की कोशिश की इस पर वह उनसे भिड़ गई। इस पर बड़ी बहन ने थप्पड़ जड़ दिए।
इससे गुस्साई छात्रा कोतवाली पहुंच गई। कुछ ही देर में परिजन भी पहुंच गए। मां ने काफी समझाने की कोशिश की लेकिन छात्रा नहीं मानी। पुलिस ने भी समझाया लेकिन वह घर नहीं जाने की जिद पर अड़ी रही। इस पर पुलिस ने नगर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। छात्रा के बालिग होने पर उन्होंने छात्रा को कहीं भी जाने के अनुमति दे दी। छात्रा ने घर जाने से इंकार कर दिया और सहेलियों के साथ चली गई। बृहस्पतिवार को मां ने समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं मानी।