हल्द्वानी। तिकोनिया स्थित एक रेस्टोरेंट में शनिवार रात कुछ उद्दंड लोगों ने सैन्य अफसरों के साथ मारपीट कर दी। आरोपियों के घर की महिलाओं के रोने और माफी मांगने पर सैन्य अधिकारियों ने शिकायत वापस ले ली और अभद्रता करने वालों को माफ कर दिया।
पुलिस के अनुसार तिकोनिया स्थित रेस्टोरेंट में सैन्य अधिकारी शनिवार की रात खाना खा रहे थे। इस बीच कुछ लोगों ने अधिकारियों की गाड़ी को हटाने के लिए अनावश्यक हॉर्न बजाना शुरू किया। अफसरों के मना करने पर वे खफा हो गए। गाड़ी से उतरकर रेस्टोरेंट में खाना खा रहे अफसरों के साथ मारपीट करने लगे। सैन्य अधिकारियों ने इसकी शिकायत भोटिया पड़ाव पुलिस से की। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को पकड़ लिया। पूछने पर तीनों ने पुलिस के समक्ष अपनी गलती स्वीकार की। तीनों के पकडे़ जाने की जानकारी मिलने पर काफी लोगों की भीड़ चौकी पहुंच गई। इनमें आरोपियों के परिवार की महिलाएं भी शामिल थीं। पहले तो एक सैन्य अधिकारी ने कार्रवाई के लिए प्रार्थना पत्र दिया लेकिन महिलाएं बीमारी का हवाला देते हुए रोने लगीं। सैन्य अधिकारियों का दिल पसीज गया। इस बारे में चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी का कहना है कि सैन्य अधिकारियों ने माफी मांगने और आइंदा ऐसी गलती न करने की कसम खाने पर उनको माफ कर दिया। सेनाधिकारियों ने तो माफ कर दिया लेकिन चौकी प्रभारी ने घटना में शामिल तीनों लोगों को धारा 107/16 में पाबंद कर दिया है। आरोपियों की कार का भी पुलिस ने चालान किया है।
पुुलिस ने कार का किया चालान, तीनों आरोपी पाबंद