हल्द्वानी। एसटीएच के प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग वार्ड में एक तीमारदार को हटाने पर गार्ड के साथ मारपीट की गई। उधर, मेडिकल चौकी पुलिस का कहना है कि मारपीट नहीं सिर्फ कहासुनी हुई थी। पुलिस जांच कर घटना के संदर्भ में कार्रवाई करेगी।
एसटीएच के सुरक्षा गार्ड जमन सिंह बिष्ट ने पुलिस को बताया कि स्त्री रोग विभाग के वार्ड में सुंदरी देवी पत्नी संदीप कुमार भर्ती हैं। नियमानुसार स्त्री वार्ड में रात के समय पुरुष का ठहरना वर्जित है। सोमवार रात वह अपने साथी गार्ड मुन्ना जोशी और मनोज कुमार के साथ वार्ड में गश्त करने के लिए निकला। उस समय स्त्री वार्ड में सुंदरी देवी के बेड के नीचे उसका पति सोया था। संदीप को सुरक्षा गार्डों ने तत्काल उठने के लिए कहा लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी और मारपीट करने लगा। मोबाइल से रिकार्डिंग करते समय उसने धमकी भी दी। घटना के बाद चिकित्सा अधीक्षक ने कोतवाली थाने में मुकदमा दर्ज करने की सलाह दी। मुकदमा दर्ज कराने के लिए उसने कोतवाली और मेडिकल पुलिस चौकी का चक्कर लगाया। अंत में मंगलवार को मेडिकल चौकी पुलिस ने तहरीर ली है। इस मामले में मेडिकल चौकी के पुलिसकर्मियों का कहना था कि टोकने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी की बात सामने आई है। वार्ड में मारपीट नहीं हुई थी।