नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक गिरोह ने नेपाल निवासी इंजीनियर से 70 हजार रुपये ठग लिये। शुक्रवार को जब युवक पंतनगर स्थित कंपनी में ज्वाइनिंग के लिए पहुंचा तो वहां जाकर पता चला कि उसको दिया गया कॉल लेटर फर्जी है।
नेपाल के लामकी सिटी निवासी हेमराज शाही पुत्र पदम बहादुर ने बताया कि उसने जयपुर के एक प्राइवेट कालेज से बीटेक किया है। इन दिनों वह दिल्ली के कोटला में रह रहा है।
हेमराज ने बताया कि 19 जुलाई को उसके मोबाइल पर एक लड़की का फोन आया। उसने खुद को पंतनगर स्थित एक नामी कंपनी में तैनात बताया। कहा कि वह उसे 3.41 लाख रुपये सालाना के पैकेज पर कंपनी की प्रोडक्शन यूनिट में लगा देगी। इसके एवज में हेमराज से उससे सत्तर हजार रुपये देने मांग की।
हेमराज ने बताया कि उक्त लड़की ने मोबाइल से उसका साक्षात्कार भी लिया। इसके बाद एक अन्य लड़की ने खुद को कंपनी का लीगल एडवाइजर बताकर उससे बात की।
इसके बाद एक व्यक्ति ने खुद को कंपनी का एचआर हैड बताते हुए उससे बात की। इसके बाद उन्होंने सत्तर हजार रुपये एक्सिस बैंक में विनय कुमार नाम से खोले गए खाता संख्या 915010040345141 पर डालने को कहा।
हेमराज ने 19 जुलाई से पांच अगस्त तक आठ किश्तों में उक्त खाते में यह धनराशि डाल दी। पांच अगस्त को ही उक्त लोगों ने हेमराज को ज्वाइनिंग लेटर जारी कर दिया।
जिसमें 12 अगस्त को उससे ज्वाइनिंग देेने को कहा गया था। शुक्रवार को जब हेमराज पंतनगर स्थित कंपनी में ज्वाइनिंग के लिए पहुंचा तो उसे ठगे जाने का पता चला।
इस मामले में उसने हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत की है। कोतवाली प्रभारी राम सिंह मेहता ने बताया कि यह मामला पंगनगर और दिल्ली से संबंधित है। इस मामले में वहीं से कार्रवाई होगी।