कालाढूंगी (नैनीताल)। कॉर्बेट संग्रहालय परिसर से चंदन का पेड़ काटकर चोर करीब आठ फुट लकड़ी चुरा ले गए। इस परिसर का रात्रि चौकीदार दो दिन से छुट्टी पर बताया गया है।
कॉर्बेट ग्राम विकास समिति छोटी हल्द्वानी के अध्यक्ष राजकुमार पांडे ने बताया कि चोरों ने बृहस्पतिवार रात कॉर्बेट संग्रहालय के परिसर में खड़ा चंदन का पेड़ काट दिया। चोर करीब आठ फुट लंबी लकड़ी ले गए। यह पेड़ करीब 40 वर्ष पुराना था, जिसकी गोलाई दो डाईमीटर और लंबाई आठ फुट थी। इस पेड़ की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है। देश की आजादी से पहले यह परिसर प्रख्यात शिकारी जिम कॉर्बेट का शीतकालीन घर था। अब इस पर कॉर्बेट टाइगर रिजर्व (सीटीआर) रामनगर का स्वामित्व है। कॉर्बेट नेशनल पार्क के वार्डन शिवराज चंद, बिजरानी के रेंजर संजय पांडे ने भी मौका मुआयना किया। संग्रहालय प्रभारी उम्मेद सिंह नागरकोटी ने घटना की सूचना थाने में दी है। थानाध्यक्ष शांति कुमार गंगवार ने बताया कि चोरों का पता लगाया जा रहा है। इसी परिसर के बाहर घटनास्थल से मात्र दस मीटर की दूरी पर कालाढूंगी पुलिस रातभर बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग करती है, लेकिन पुलिस के गश्ती दल को इस घटना का पता तक नहीं चल सका, जिस कारण पुलिस की चेकिंग पर भी सवाल उठ रहे हैं।
कॉर्बेट संग्रहालय परिसर से काटा चंदन का पेड़
दो दिन से छुट्टी पर था परिसर का रात्रि चौकीदार
हरियाली के दुश्मन
लौपिंग करने वाले मजदूरों पर शक
कालाढूंगी (नैनीताल)। कालाढूंगी रेंज के वन कमियों ने पिछले सप्ताह कॉर्बेट संग्रहालय परिसर में खडे़ कंजू के पुराने पेड़ की लौपिंग कराई थी। इसके लिए स्थानीय लकड़ी ठेकेदार ने बाहर से मजदूरों को बुलाया था। लौपिंग के दौरान उक्त मजदूरों की नजर इस पेड़ पर लगने की आशंका है। पुलिस को भनक न लगने के कारण लोगों ने चुराई गई लकड़ी आसपास ही छिपाने की आशंका जताई है।