हल्द्वानी। एसएसपीजन्मेजय खंडूरी ने आम लोगों से अफवाहें रोकने में सहयोग मांगा। कहा कि जनता के सहयोग से ही अपराध रोके जा सकते हैं। उन्होंने शनिदान मांगने वाले, कबाड़ियों, फेरी वालों को घर में न बुलाने को कहा।
आरटीओ रोड वासुदेवपुरम स्थित बैंक्वेट हॉल में सोमवार को सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इसमें एसएसपी खंडूरी ने कहा कि पंचायतघर, रामनगर की हत्याओं, तुलसी विहार मेें हुई लूट की घटनाओं का खुलासा हो गया है। फिर भी शरारती तत्व अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए तैयार है। इसलिए सोशल मीडिया की भ्रामक सूचनाओं का प्रचार-प्रसार न करें। अपने घर के दरवाजे बंद रखें। अंजान व्यक्ति के कहने पर दरवाजा न खोलें। अपने घर के बाहर की लाइट रात में हमेशा जलाएं। अपने पड़ोसियों के फोन नंबर पास रखें। प्रॉपर्टी खरीदने, बेचते समय प्रॉपर्टी डीलर के बारे में पूर्ण रूप से पता करें। क्षमता हो तो किसी जान पहचान वाले व्यक्ति से अपने घरों में सीसीटीवी लगवाएं। इसकी सूचना थाने में भी दें। सभी थाना प्रभारी अपने क्षेत्रों में ग्राम सुरक्षा समितियों का गठन करेंगे। नशाखोरी आदि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को तत्काल दें। आयोजक नवीन शर्मा ने आभार जताया। इस मौके पर पूर्व दर्जा राज्यमंत्री महेश शर्मा, ग्राम प्रधान नंदा शाह, उमेश बधानी, रविंद्र सिंह ज्ञानी, उमा कार्की, आनंदी बिष्ट, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, सीओ दिनेश चंद्र ढौंडियाल आदि थे।
जनता ने दी पुलिस को बधाई
हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र की जनता ने एसएसपी जन्मेजय खंडूरी, एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव, सीओ दिनेश ढौंडियाल, कोतवाल केआर पांडे, मुखानी थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत द्वारा डकैती, लूट की घटनाओं के खुलासे पर बधाई दी। लोगों का कहना था कि पुलिस की कार्यप्रणाली से आम जनता में पुलिस का विश्वास बढ़ा है।