भीमताल ब्लाक के जंगलियागांव से चंपावत की ओर जा रहे बारातियों ने धारी ब्लाक के क्वैदल गांव के समीप ऑल्टो कार और कैंटर में हुई हल्की भिड़ंत के बाद कैंटर चालक की पिटाई कर दी। कैंटर चालक ने बारातियों पर पचास हजार रुपये लूटने का भी आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर बारात की ऑल्टो कार संख्या यूके 04-एस-3343 दूल्हे और बारातियों को लेकर जंगलियागांव से चंपावत की ओर जा रही थी। बताया जाता है कि क्वैदल गांव के पास कैंटर संख्या यूके 04 सीए-9074 को ओवर टेक करते वक्त दोनों में हल्की भिड़ंत हो गई जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी हुई।
आरोप है कि इसी दौरान ऑल्टो में सवार बारातियों ने कैंटर चालक खनस्यू गांव निवासी प्रकाश सिंह की पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस को कैंटर चालक ने बताया कि शराब के नशे में धुत बारातियों ने उसके पास से पचास हजार रुपये की नकदी लूट ली। कैंटर चालक का कहना था कि वह अपने ट्रक में आटा और बेसन सप्लाई करता है। घटना के वक्त उक्त धनराशि उसके पास थी।
पुलिस ने ऑल्टो चालक और कैंटर चालक दोनों का ही मेडिकल कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।