हल्द्वानी। पूनम हत्याकांड में पुलिस की आस जिस पर टिकी थी वहां से भी निराशा हाथ लगी है। बृहस्पतिवार को पुलिस ने अर्शा से पूछताछ की तो कुछ हाथ नहीं लगा। अर्शा से कोई नई जानकारी तो नहीं मिल पाई उल्टा उसने पूर्व में दिए गए बयान का भी खंडन कर दिया। अब पुलिस की टेंशन बढ़ी हुई है।
खुलासे के लिए अब तक कोई सटीक लाइन नहीं मिलने के कारण पुलिस के लिए पूनम हत्याकांड पहेली बनकर रह गई है। पूनम की बेटी की चुप्पी ने इसे और उलझा दिया है। अर्शा का जबड़ा एक अक्तूबर तक खुलने की संभावना है। अर्शा के बदलते बयानों से परेशान पुलिस ने निर्णय लिया है कि वह दो अक्तूबर के बाद ही उससे फिर से पूछताछ की जाएगी। घटना की रात गोरापड़ाव से लापता लोगों के बारे में पुलिस छानबीन कर चुकी है। सर्विलांस से पुलिस को सटीक जानकारी नहीं मिल रही है। पुलिस की दो टीमें दिल्ली और बरेली में अपराधी गिरोहों के बारे में जानकारी इकट्ठा करने में जुटी है। एसएसपी के निर्देश पर अर्शा के परिवार की सुरक्षा के लिए फोर्स 24 घंटे के लिए तैनात है।