हल्द्वानी। जिस युवक को लापता समझकर बनभूलपुरा के लोगों ने एसपी सिटी कार्यालय के पास प्रदर्शन किया। उसको रुद्रपुर पुलिस ने गिरोहबंदी के मामले में गिरफ्तार किया था। वह हल्द्वानी जेल में बंद है। जांच में यह खुलासा होने पर बनभूलपुरा पुलिस ने राहत की सांस ली है।
लाइन नंबर पांच आजादनगर निवासी फरमान (20) बीते 13 मार्च को घर से काम करने के लिए ठेकेदार के पास काठगोदाम गया। काम करने के बाद फरमान अचानक गायब हो गया था। इस मामले में उसके भाई अब्दुल कादिर ने बनभूलपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। फरमान का पता नहीं चलने पर 17 मार्च को बनभूलपुरा के पार्षदों और अन्य नेताओं ने एसपी सिटी कार्यालय पर प्रदर्शन किया था।
सीओ दिनेश चंद्र ढौडियाल ने बनभूलपुरा थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत को जांच के निर्देश दिए थे। जांच से पता चला कि फरमान को पांच अन्य साथियों के साथ रुद्रपुर पुलिस ने 14 मार्च को चोरी की योजना बनाते समय गिरफ्तार किया था। इस समय फरमान हल्द्वानी जेल में बंद है। इधर प्रदर्शन करने वालों ने पुलिस से कहा कि गलतफहमी में उन्होंने प्रदर्शन किया था। नियमानुसार पुलिस को गिरफ्तारी के बाद फरमान के परिजनों को सूचना देनी चाहिए थी।