गरमपानी (नैनीताल)। रातीघाट-बेतालघाट रोड पर सोमवार शाम बाइक के असंतुलित होकर सड़क किनारे की पहाड़ी से टकराने पर बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा घायल हो गया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में धनतेरस और दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। दोनों बाइक सवार बेतालघाट ब्लाक में स्थित गरजोली-सिल्टोना पंपिंग योजना में ठेकेदार के अधीन पंप आपरेटर का काम करते थे।
वीरेंद्र प्रसाद (42) पुत्र केशव राम और लीला राम (45) पुत्र जगत राम निवासी सिल्टोना गजार सोमवार शाम बाइक संख्या यूके 04एच-4174 से गरमपानी बाजार से वापस अपने घर लौट रहे थे। शाम साढ़े छह बजे सूरी फार्म के पास पहुंचते ही उनकी बाइक असंतुलित होकर सड़क किनारे की पहाड़ी से जा टकराई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी खैरना पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने वीरेंद्र प्रसाद को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे घायल लीला राम का स्थानीय स्तर पर इलाज किया गया।
सूचना मिलने पर चौकी प्रभारी देवेंद्र सिंह नेगी ने अस्पताल पहुंचकर हादसे की जानकारी ली। पुलिस के मुताबिक दोनों लोग जल संस्थान में गरजोली सिल्टोना पंपिंग पेयजल योजना में ठेकेदार के अधीन पंप आपरेटर के रूप में काम करते थे। मृतक वीरेंद्र प्रसाद की दो बेटियां और एक बेटा है। हादसे की सूचना से धनतेरस और दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस के मुताबिक शव का मंगलवार को नैनीताल में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।