चोरगलिया (नैनीताल)। नयागांव संभल गौलापार में तराई पूर्वी वन प्रभाग के गश्ती दल को दो घंटे बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने तीन नामजद ग्रामीणों एवं अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और अभद्रता का मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में ग्रामीणों ने भी सुरक्षा दल प्रभारी पर पिस्टल के दम पर धमकी देने, महिलाओं से अभद्रता करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तराई पूर्वी वन प्रभाग का गश्ती दल बुधवार को गौलापार स्थित नयागांव संभल में अवैध खनन की सूचना पर गया था। आरोप है कि लौटते समय ग्रामीणों ने टीम को करीब दो घंटे तक बंधक बना लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने टीम के साथ अभद्रता और वाहन में तोड़फोड़ भी की। इसका वीडियो भी वायरल हुआ था।
इधर, बृहस्पतिवार को सुरक्षा दल प्रभारी सुनील गैरोला ने चोरगलिया थाने में ग्रामीण चेतन संभल, मनोज जोशी, दीपक चौसाली एवं अन्य के खिलाफ राजकीय कार्य में बाधा डालने, राजकीय वाहन को क्षतिग्रस्त करने और कर्मचारियों से बदसलूकी करने की तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, गांव की महिलाओं ने चोरगलिया थाने में दी तहरीर में सुरक्षा दल टीम पर गालीगलौज और पिस्टल दिखाकर महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाया।
टीम प्रभारी सुनील गैरौला ने ग्राम प्रधानों और पुलिस के सामने समझौता किया था। पुलिस ने वन विभाग के गश्ती दल पर भी मुकदमा दर्ज कर लिया है। चोरगलिया थाना प्रभारी टीआर बगरैठा ने बताया दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।