हल्दूचौड़ (नैनीताल)। गंगापुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर सगे भाई भिड़ गए। एक पक्ष ने गोली मारने की बात कही तो वहां अफरातफरी मच गई। मौके पर पहुंची हल्दूचौड़ चौकी पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों को हिरासत में ले लिया। वहीं, लालकुआं कोतवाली पुलिस ने बंदूक के लाइसेंस को निरस्त करने की संस्तुति जिलाधिकारी को भेजने की बात कही है।
गंगापुर गांव में सोमवार को उस समय खलबली मच गई जब दो सगे भाई जमीनी विवाद को लेकर भिड़ गए। मामला इतना बढ़ा कि बड़े भाई ने छोटे भाई को बंदूक से गोली मारने की धमकी दे दी। ग्राम प्रधान इंदर सिंह बिष्ट की सूचना पर हल्दूचौड़ चौकी इंचार्ज विमल मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को हिरासत में ले लिया। बाद में चौकी में पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि विवाद में शामिल एक पक्ष अक्सर गोली मारने की धमकी देता है। इस पर चौकी पुलिस ने आरोपी से लाइसेंसी बंदूक भी ले ली और मामला लालकुआं कोतवाली को स्थानांतरित कर दिया। लालकुआं कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि बंदूक के लाइसेंस को निरस्त करने की कार्रवाई के लिए जिला अधिकारी को आख्या भेजी जा रही है।