हल्द्वानी। हीरानगर पुलिस ने घर से लापता नशेड़ी छात्रा को शुक्रवार को रोडवेज से पकड़ लिया। पुलिस ने पहले भी उसे नशा करते समय पकड़ने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
हीरानगर पुलिस ने पिछले सप्ताह एक आटो में युवकों के साथ स्मैक पीते हुए एक इंटर की छात्रा को पकड़ लिया था। पकड़ने के बाद पुलिस ने हिदायत देकर उसे परिजनों के हवाले कर दिया। इस मामले में पिता ने 24 जुलाई को पुलिस चौकी में तहरीर दी। आरोप लगाया कि किशोरी अचानक घर से लापता हो गई। पुलिस ने इस मामले में गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी भागदौड़ करने के बाद महिला पुलिस मनीषा की टीम ने छात्रा को शुक्रवार को रोडवेज के समीप पकड़ लिया। पुलिस ने फिलहाल मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नगरकोटी का कहना है कि छात्रा को परिजनों के हवाले किया जाएगा लेकिन इस मामले में अदालत में कार्रवाई के लिए प्रार्थनापत्र दिया जाएगा। पुलिस को शक है कि छात्रा फिर नशे के चक्कर में लापता हुई है। पुलिस ने परिजनों को भी छात्रा को प्यार से समझाने की सलाह दी है।
तीन नशेड़ी पकड़े गए
हीरानगर चौकी प्रभारी प्रताप सिंह नेगी ने नैनीताल रोड पर स्मैक पीकर गिर रहे दो नशेड़ियों को पकड़कर उनका पुलिस एक्ट के तहत चालान कर दिया। दोनों राजपुरा के बताए जा रहे हैं। इसी प्रकार हीरानगर में पुलिस ने एक अन्य नशेड़ी को पकड़कर निर्वाण संस्था में भर्ती कराया है।