हल्द्वानी। लोकसभा चुनाव को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस ने धारा 107/16 के तहत 3035 लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2316 लोगों को पाबंद किया। पुलिस का मानना है कि अग्रिम कार्रवाई के चलते ही प्रत्येक थाना क्षेत्र में अशांति कायम करने वाले आगे नहीं आए।
नगर निकाय एवं विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ शरारती तत्व मारपीट और बलवा जैसी घटनाओं को अंजाम देते थे। जिला पुलिस के रिकार्ड के अनुसार धारा 110 जी के तहत 47 मामलों में 53 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस कारण ऐसे लोग चुनाव के दौरान सड़क पर नहीं उतरे। धारा 107/16 के तहत 564 मुकदमों में 2316 लोगों को पाबंद करने के लिए नोटिस भेजा था। पुलिस ने हिदायत थी कि किसी प्रकार की अशांति फैलाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार 35 मुकदमों में 33 के खिलाफ गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। काफी लोग जिलाबदर किए गए। जिला पुलिस ने 6098 लाइसेंसी शस्त्र जमा कराए थे। एसएसपी सुनील कुमार मीणा का मानना है कि केंद्रीय चुनाव आयोग के निर्देशानुसार पुलिस ने समय रहते कार्रवाई की थी। संदेह के दायरे में आए लोगों पर पुलिस निगरानी रख रही थी। परिणामस्वरूप पुलिस को बल प्रयोग करने की नौबत नहीं आई।
चुनाव के दौरान 2316 लोग हुए थे पाबंद
33 लोगों पर की थी गुंडा अधिनियम के तहत कार्रवाई