हल्द्वानी। पुलिस की लाख कोशिश के बाद भी व्यस्ततम कालूसिद्ध मंदिर चौराहे के आसपास चोर और उचक्कों की हरकतें थम नहीं हो रही है। उचक्कों ने अब रिटायर्ड शिक्षक का पर्स पार कर दिया। वह पोते की एयरफोर्स में नौकरी लगने की खुशी में मंदिर में घंटा चढ़ाने आए थे। पर्स में ढाई हजार रुपये और महत्वपूर्ण कागज थे।
भोलानाथ गार्डन निवासी रिटायर्ड शिक्षक धन सिंह (65) ने अपने पोते त्रिभुवन जीना की नौकरी के लिए घंटा चढ़ाने की मन्नत मांगी थी। पोता एयरफोर्स में भर्ती हो गया। पुणे में ट्रेनिंग के दौरान छह माह बाद वह छुट्टी पर घर आया है। शनिवार को धन सिंह उसे लेकर कालू सिद्ध मंदिर में घंटा चढ़ाने के लिए गए थे। इस बीच उचक्कों ने उनका पर्स पार कर दिया। बुजुर्ग ने घटना से कोतवाली पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद उचक्कों की तलाश शुरू कर दी है।
उचक्कों ने रिटायर्ड शिक्षक को बनाया निशाना, पोते की नौकरी लगने पर गए थे मंदिर