हल्द्वानी। एसएसपी जन्मेजय खंडूरी ने शहर में सैक्स रैकेट का खुलासा कर रहीं पीआरओ आरती पोखरियाल को तत्काल प्रभाव से हटा दिया। उन्हें वापस एलआईयू में भेजा गया है। पीआरओ को हटाने के पीछे अधिकारियों के अलावा थाना प्रभारियों का अंतर्विरोध बताया जा रहा है।
एलआईयू उपनिरीक्षक से पीआरओ नियुक्त की गईं आरती पोखरियाल ने पहले राजपुरा में सट्टे के कारोबार का भंडाफोड़ किया था। इसके बाद मंडी और हीरानगर क्षेत्र में सेक्स रैकेट के खुलासे का दावा किया लेकिन मुकदमा अश्लीलता के धाराओं में दर्ज किया गया। स्थानीय पुलिसकर्मियों का कहना था कि पीआरओ बगैर सूचना दिए छापा मारती हैं। इस मामले में एसपी सिटी या सीओ को भी विश्वास में नहीं लिया जाता है।
कुछ थाना प्रभारियों ने पीआरओ के व्यवहार को लेकर अंदर ही अंदर नाखुशी जाहिर की थी। अंतर्विरोध इतना बढ़ गया कि एसएसपी ने पीआरओ से अपना पिंड छुड़ाना उचित समझा। पीआरओ के हटाए जाने की चर्चा पुलिस महकमे में दो दिनों से चल रही थी लेकिन शनिवार की रात अचानक एसएसपी ने आदेश जारी कर दिया।