हल्द्वानी। तीन दिन पहले विशाल मेगा मार्ट की पार्किंग से चोरी हुई स्कूटी को पुलिस ने सीपीयू के सहयोग से बरामद कर लिया। स्कूटी के साथ पकड़ा गया चोर लाइन नंबर आठ में रजाई-गद्दे का धंधा करता था। पुलिस ने चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
विमल कुमार निवासी मित्रपुरम दमुवाढूंगा बीती 20 जनवरी को विशाल मेगा मार्ट गए थे। उन्होंने अपनी स्कूटी संख्या यूके 04 के 2030 मार्ट के नीचे अंडर ग्राउंड पार्किंग में खड़ी की थी। जब वह खरीददारी करके लौटे तो स्कूटी गायब थी। उन्होंने आसपास स्कूटी की तलाश की लेकिन पता नहीं चला। विमल ने स्कूटी चोरी की शिकायत काठगोदाम थाना पुलिस से की। इधर मंगलवार को सीपीयू बरसाती नहर के पास चेकिंग कर रही थी। इस बीच सीपीयू ने एक स्कूटी सवार युवक से वाहन के दस्तावेज मांगे तो वह आनाकानी करने लगा। जब कड़ाई से पूछताछ की तो स्कूटी चोरी होने की बात कबूली। इस पर सीपीयू ने काठगोदाम थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर दरोगा मनोहर सिंह पांगती थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शोएब निवासी लाइन नंबर आठ बताया। जांच में यह भी सामने आया कि शोएब रजाई गद्दे बनाने का काम करता है। वह उस दिन विशाल मेगा मार्ट गया था लेकिन जब स्कूटी देखी तो चोरी कर भाग निकला। इधर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।