हल्द्वानी। जालसाजों ने डेंटल संचालक, शिक्षक सहित सात लोगों के बैंक खातों से करीब दो लाख रुपये निकाल लिये। कोतवाली और मुखानी पुलिस शिकायतों की जांच कर रही है। अवैध रूप से रुपये निकालने की शिकायतें बढ़ने से पुलिस परेशान हो गई है।
गैस गोदाम रोड कुसुमखेड़ा निवासी डेंटल क्लिनिक संचालक जयराम कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनके मोबाइल पर रुपये निकालने का मैसेज आया। मैसेज पढ़ने के बाद उन्होंने एटीएम कार्ड लॉक कराने की कोशिश की। इस बीच जालसाजों ने 34 हजार रुपये निकाल लिये। बैंक में पूछताछ करने पर पता चला कि साइबर अपराधियों ने पीएनबी की गाजीपुर शाखा से रुपये निकाले हैं। वहीं शीशमहल निवासी प्राइवेट स्कूल के शिक्षक मनमोहन भंडारी ने बताया कि कालाढूंगी रोड स्थित यूनियन बैंक में उनका खाता है। जालसाजों ने 12 मार्च को उनके खाते से 17 हजार रुपये निकाल लिये, लेकिन मोबाइल पर मैसेज नहीं आया। जांच में पता चला कि मयूर विहार दिल्ली से रुपये निकाले गए हैं। इधर दीपा दानी ने मुखानी थाना पुलिस को बताया कि उनका बचत खाता पीएनबी की कुसुमखेड़ा शाखा में है। जालसाजों ने 19 मार्च की रात इस खाते से 16 हजार रुपये दो बार में निकाले हैं, जबकि एटीएम कार्ड उसी के पास है। जालसाजों ने कोई कॉल भी नहीं किया था। मुखानी थानाध्यक्ष नंदन सिंह रावत ने बताया कि जालसाजों ने हिम्मतपुर तल्ला निवासी जगदीश चंद्र पाठक के खाते से 25 हजार रुपये, कुसुमखेड़ा निवासी रोहित पालीवाल ने 25 हजार रुपये खाते से निकालने की शिकायत की है। कुसुमखेड़ा की रुचि ने 38 हजार और पीलीकोठी के मोहन सिंह ने भी बैंक खाते से कई बार रुपये निकालने की शिकायत है। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
सात बचत खातों से उड़ाए दो लाख रुपये
साइबर अपराधियों के कारनामों से पुलिस परेशान