रुद्रपुर। सिडकुल की एक फैक्ट्री से लाखों रुपये का सोना गायब होने का मामला फैक्ट्री में ही कार्यरत कर्मचारियों के बीच आपसी लेनदेन का निकला। सूचना पर पुलिस मामले की जांच पड़ताल करती रही और सोना गायब होने की अफवाह फैलाने वालों ने आपस में समझौता भी कर लिया। जिससे पुलिस को मामले की कोई तहरीर भी नहीं मिली।
बता दें कि बीते सोमवार को शहर के कुछ लोगों ने सिडकुल में सोना रिफाइन करने वाली एक फैक्ट्री से करीब नौ लाख कीमत का 300 ग्राम सोना गायब करने की अफवाह उड़ाई थी। सूचना पर पुलिस ने सिडकुल क्षेत्र में छानबीन शुरू कर दी। सोमवार रात तक जांच पड़ताल करने के बाद भी सोना गायब होने की पुष्टि नहीं हुई।
मंगलवार को एसपी सिटी देवेंद्र पींचा ने बताया कि छह माह पूर्व सिडकुल की एक सोना रिफाइन करने वाली फैक्ट्री में कार्यरत तीन श्रमिकों के बीच करीब दस लाख रुपये के लेनदेन का मामला था। तीनों ने करीब छह लाख रुपये का मामला आपस में समझौता कर सुलझा भी लिया था। इसके बाद बची हुई रकम को लेकर तीनों के बीच फिर विवाद चलता रहा और इसी दौरान किसी ने फैक्ट्री से सोना गायब होने की अफवाह फैला दी। फिलहाल पुलिस को भी मामले की कोई तहरीर नहीं मिली है।