आबादी के बीच गैस गोदाम, आग लगी तो होगा बड़ा हादसा
बगल में ज्यूडिशियल एकेडमी और एयरफोर्स स्टेशन
जंगल में लगने वाली आग भी पहुंच सकती है
कमलेश जोशी
भवाली (नैनीताल)। एक तरफ एयर फोर्स स्टेशन, बगल में उत्तराखंड न्यायिक अकादमी, आसपास घोड़ाखाल सैनिक स्कूल और गोलू देवता का मंदिर और इन सबके बीच में है कुमाऊं मंडल विकास निगम का गैस गोदाम। गैस गोदाम में एक वक्त में हजारों भरे हुए गैस सिलेंडर मौजूद रहते हैं, लिहाजा सड़क से लगे गैस गोदाम एक बड़ी आबादी के लिए खतरा बन चुका है। गर्मी के सीजन में मुसीबत तब बढ़ जाती है जब गोदाम से लगे जंगल में आग लग जाती है। गैस गोदाम यहां से शिफ्ट करने के लिए लोगों की मांग के बावजूद अभी किसी भी स्तर पर कोई कार्रवाई शुरू नहीं हुई है।
भवाली से घोड़ाखाल मंदिर मार्ग पर कुमाऊं मंडल का गैस गोदाम बना हुआ है। मानकों के लिहाज से गोदाम के आसपास आबादी क्षेत्र नहीं होना चाहिए। मगर यहां ऐसा नहीं है। गोदाम के ठीक सामने भवाली एयरफोर्स स्टेशन बना हुआ है। गैस गोदाम और एयर फोर्स स्टेशन के गेट बिल्कुल आमने-सामने हैं। गोदाम से सटी हुई ज्यूडिशियल एकेडमी है जहां देशभर से न्यायिक परीक्षा पास कर चुके लोग ट्रेनिंग लेते हैं। गोदाम ठीक रोड से लगा हुआ है, और यहां से घोड़ाखाल गोलू देवता मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालु गुजरते हैं। सैनिक स्कूल घोड़ाखाल के छात्र भी यहां से आते-जाते रहते हैं। ऐसे में गैस गोदाम एक खतरे का सबब बन चुका है। भवाली के लोग कई बार निगम से गैस गोदाम शिफ्ट करने की मांग कर चुके हैं, मगर इस पर अभी तक कोई कार्यवाही शुरू नहीं हुई है।
रविवार रात जंगल में लगी आग
भवाली गैस गोदाम को लेकर मुसीबत रविवार रात उस वक्त बढ़ गई जब गोदाम से लगे जंगल में भीषण आग धधक गई। आग लगने की सूचना पर वन विभाग के लोग मौके पर पहुंचे और देर रात तक आग बुझाने की कार्रवाई जारी थी। गोदाम से सटे जंगल में आग लगने के कारण तमाम लोग भी आग बुझाने के लिए मौके पर पहुंचे। उनका कहना था गर्मी में अक्सर जंगल में आग लग जाती है, लिहाजा जल्द से जल्द गोदाम यहां से शिफ्ट होना चाहिए।
------------
- भवाली स्थित गैस गोदाम को हटाने का कोई प्रस्ताव नहीं है। फिलहाल भीमताल में गैस गोदाम बनाया जा रहा है।
-सीएस मर्तोलिया, महाप्रबंधक कुमाऊं मंडल विकास निगम
----------
फोटो कैप्सन- 21बीटीएल06पी, भवाली के घोड़ाखाल मार्ग में स्थित गैस गोदाम