चंपावत। नशे में धुत दो युवकों को खुद को मीडिया कर्मी बताकर उधम काटना महंगा पड़ गया। पुलिस ने दोनों युवकों का 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान काट रात भर कोतवाली में बैठाए रखा।
कोतवाल सलाहउद्दीन खान ने बताया कि रविवार रात दो युवक नशे में धुत होकर तेज स्पीड में वाहन चला रहे थे। दोनों युवक नशे में इतना चूर थे कि कोतवाली में गाड़ी रुकवाने पर दरोगा से ही उलझ पड़े। पुलिस ने कार चलाने वाले युवक को कब्जे में ले लिया।
कुछ देर बाद ही उसका साथी शराब की बोतल लहराते हुए आ गया। साथी को नहीं छोड़े जाने पर कोतवाली में आग लगाने की धमकी देने लगा जिस पर पुलिस ने दोनों युवकों का 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर रात भर कोतवाली में बैठाए रखा। कोतवाल ने बताया कि सोमवार सुबह दोनों को छोड़ दिया गया। उधम काटने वाला एक युवक पाटी और दूसरा लोहाघाट का बताया जा रहा है।