हल्द्वानी। अंबेडकर नगर बरेली रोड स्थित मकान में रविवार की रात आग लग गई। अचानक आग की लपटों के उठने पर पड़ोसी भी भयभीत हो गए। फायर ब्रिगेड के जवानों ने मौके पर पहुंचकर आग को काबू में कर लिया लेकिन घर में रखे टीवी, बिस्तर सहित सारे सामान जलकर नष्ट हो गए। प्राथमिक तौर पर घटना का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
अंबेडकर नगर निवासी मुकेश कुमार पत्नी और दो बेटियों के साथ लक्ष्मी मंदिर के समीप ठेला पर चाय बेचने चला गया था। पड़ोसी गुड्डू भी घर नहीं था। रविवार की रात करीब सात बजे मकान से धुआं उठने लगा तो पड़ोस के लोग भयभीत हो गए। मकान बंद होने के कारण आग बुझाना भी मुश्किल हो गया था। फायर ब्रिगेड के जवानों ने दरवाजा तोड़कर आग को काबू में करना शुरू किया। इस बीच आग गैस सिलिंडर को पकड़ ली थी। आग से दोनों के कमरों में रखे सामान जलकर नष्ट हो गए थे। दोनों परिवारों का कहना था कि अब सोने के लिए स्थान और बिस्तर तक नहीं बचा है।
जुलूस के चलते गाड़ी देर से पहुंची
झूलेलाल जयंती पर रविवार की शाम जुलूस निकाला गया था। कर्मचारियों का कहना था कि फायर ब्रिगेड की गाड़ी जुलूस के बीच फंस गई थी। इसी कारण देर से पहुंची।