हल्द्वानी। बरेली से आए युवक ने दारू पीकर मंगलपड़ाव में बृहस्पतिवार शाम खूब बवाल किया। परिजनों को वह चाकू लेकर दौड़ाता रहा। कुछ देर बाद वह सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। परिजनों ने उसे एसटीएच में भर्ती कराया लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का मानना है कि अधिक शराब पीने के कारण उसका स्वास्थ्य खराब हो गया था।
बरेली जिले के मठ लक्ष्मीपुर वीडीए कालोनी इज्जतनगर निवासी मजदूर नीरज (30) पुत्र रमेश कश्यप की शादी चौधरी कालोनी की रहने वाली भावना कश्यप के साथ 12 साल पहले हुई थी। भावना की दो बेटियां और एक बेटा है। बृहस्पतिवार सुबह नीरज शराब पीकर भावना के पास पहुंचा। पत्नी से बातचीत करने के बाद वह अपनी ढाई साल की बेटी के साथ खेलने लगा और उसे छोड़कर चला गया। कुछ देर बाद भावना की मां को लोगों ने बताया कि उसका दामाद मंगलपड़ाव में शराब पीकर बवाल कर रहा है। जानकारी मिलने पर भावना के पड़ोस के लोग भी मंगलपड़ाव गए तो नशे में धुत नीरज चाकू लेकर परिजनों को दौड़ाने लगा। परिजनों ने घटना से मंगलपड़ाव पुलिस को अवगत कराया। नशे से धुत युवक कुछ देर बाद सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। परिजनों ने उसका पहले बेस अस्पताल में उपचार कराया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे लेकर एसटीएच गए लेकिन उसकी मौत हो गई। मेडिकल चौकी प्रभारी कैलाश सिंह नेगी ने परिजनों से पूछताछ करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि नीरज शराब पीकर पत्नी को प्रताड़ित करता था। इसी कारण वह मायके में बच्चों के साथ रहने लगी।