हल्द्वानी। उपकारागार में सात अगस्त से बंद कैदी को बंदीरक्षकों ने बृहस्पतिवार को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। यहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के कार्यकारी एमएस अशोक कुमार ने बताया कि वह सिरदर्द और सांस की बीमारी से पीड़ित था।
जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्या ने बताया कि ऊधमसिंह नगर पुलिस ने सात अगस्त को न्यायालय के आदेश पर दूधियानगर निवासी संदीप उर्फ गुड्डू (30) पुत्र बाबूलाल को जेल भेजा था। जेल में वह स्मैक मांगने लगा था। जेल के अन्य कैदियों से पूछताछ में पता चला कि वह काफी मात्रा में ड्रग का सेवन करता था। पुलिस ने उसे 25 आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया था।
जेल में 35 नशेड़ी बने परेशानी का सबब
हल्द्वानी। वरिष्ठ जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्या ने बताया कि जेल में 35 नशेड़ियों के आने से परेशानी हो रही है। यहां नशे के लिए नशेड़ी अन्य कैदियों समेत कर्मचारियों को भी परेशान कर रहे हैं। नशा न मिलने पर वे छटपटाने लगते हैं। डॉक्टरों को बुलाकर उनको तत्काल दवाएं दिलाई जा रही हैं। प्रत्येक मंगलवार को नशेड़ियों की विधिवत जांच कर दवाएं दी जाती हैं। ऐसे में जेल नशा मुक्ति केंद्र जैसा बन चुका है।