हल्द्वानी। बरेली के नवाबगंज निवासी चार युवकों को शनिवार रात पुलिस के दो बैरियर तोड़कर कार भगाना महंगा पड़ गया। कार जाम में फंसी तो चारों पकड़े गए। चारों नैनीताल घूमने जा रहे थे। बड़े लोगों की सिफारिश आने पर युवकों को छोड़ दिया गया। कार जब्त कर ली गई है।
शनिवार की रात बरेली रोड स्थित मोतीनगर बैरियर पर तैनात पुलिसकर्मियों ने मंडी चौकी प्रभारी को सूचना दी कि एक बैगन आर कार (यूपी 25 बीएम 2250) रोकने के बाद भी नहीं रुकी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि चौकी के सामने का दो बैरियर भी तोड़ दिया। मंडी पुलिस ने कोतवाली को सूचना देने के साथ ही कार का पीछा कर लिया। इस बीच बरेली रोड पर जाम लगने के कारण रुक गई। मंडी पुलिस ने कार रोककर युवकों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ से पता चला कि कार नवाबगंज निवासी मोहम्मद आरिफ के पिता की है। कार में सवार छात्र आरिफ अपने चार दोस्तों के साथ नैनीताल घूमने के लिए जा रहा था। युवकों को छोड़ने के लिए कई संभ्रांत लोगों ने दबाव बनाया। चौकी प्रभारी राजेंद्र कुमार का कहना है कि कार को जब्त करने के बाद युवकों को छोड़ा गया है।