हल्द्वानी। जिले में स्मैक और चरस की सप्लाई से पुलिस पहले ही परेशान थी अब हेरोइन की बड़ी खेप भी पहुंच गई है। काठगोदाम पुलिस और एंटी ड्रग्स स्क्वायड टीम ने शुक्रवार की रात कलशिया पुल के पास एक कार से 786 ग्राम स्मैक पकड़ी और दो तस्करोें को गिरफ्तार कर लिया। दोनों बरेली से हेरोइन लाकर हल्द्वानी में बेचने आए थे। अब पुलिस हल्द्वानी में हेरोइन के सौदागर की तलाश कर रही है। पुलिस का दावा है कि बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये है।
एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव ने पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार की रात सूचना मिली कि कुछ लोग कार से हेरोइन लेकर आ रहे हैं। काठगोदाम थाने के प्रभारी थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक मनोहर सिंह पांगती, एएसआई जगदीश चन्याल और एंटी ड्रग्स स्क्वायड टीम प्रभारी दिनेश चंद्र पंत, एएसआई सत्येंद्र गंगोला की टीम ने काठगोदाम कलशिया पुल के पास चेकिंग शुरू की। कार संख्या यूपी 26 आर 2627 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से एक पैकेट बरामद हुआ। पैकेट पर डबल टाइगर, ब्रांड 555 हेरोइन मेड इन थाईलैंड लिखा था। अंदर पाउडर युक्त हेरोइन मिलने पर पुलिस ने कार सवार पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के बीसलपुर खांडेपुर निवासी सर्वेंद्र कुमार उर्फ सर्वेश और बरेली के मधु नगला क्योलड़िया निवासी धर्मेंद्र कुमार को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ से पता चला कि दोनों बरेली के नवाबगंज से हेरोइन खरीदने के बाद हल्द्वानी में बेचने के लिए आए थे। पुलिस इस मामले मेें हेरोइन के सौदागर की तलाश करने के लिए अभियुक्तों से पूछताछ कर रही है। इस मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस से जानकारी मांगी जा रही है। कार गिरफ्तार सर्वेंद्र कुमार की है। एसएसपी ने पुलिस टीम को 2500 रुपये पुरस्कार करने की घोषणा की है। एसपी सिटी का कहना है कि अभी तक इतनी बड़ी मात्रा में हल्द्वानी पुलिस ने हेरोइन बरामद नहीं की थी।
स्मैक विक्रेताओं पर शक
एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव का कहना है कि प्राथमिक पूछताछ में हल्द्वानी के हेरोइन सौदागर का पता नहीं चल सका है। आशंका है कि स्मैक तस्करों ने ही हेरोइन खरीदने के लिए दोनों को बुलाया था। पिछले कुछ समय में पुलिस 50 से अधिक तस्करों को जेल भेज चुकी है। दबाव में आए तस्करों ने स्मैक को छोड़कर हेरोइन को खपाने का ठेका ले लिया है। हेरोइन की कम मात्रा भी स्मैक पर भारी पड़ती है।