रुद्रपुर। आदर्श कॉलोनी चौकी क्षेत्र से होटल स्वामी की कार और ई रिक्शा चोरी करने वाले होटल कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर दोनों वाहनों को बरामद कर लिया है। चोर तक पहुंचने में पुलिस को कार में लगे जीपीएस से काफी मदद मिली।
प्रीत होटल आदर्श कॉलोनी निवासी पंकज कुमार पुत्र पूरन लाल होटल व्यवसायी हैं। उनके होटल में जगतपुरा निवासी एजाज अहमद भी काम करता है। बीती 29 जुलाई को सभी कर्मचारी काम खत्म कर घर चले गए थे, लेकिन एजाज काफी देर तक होटल के पास ही घूमता रहा। रात करीब आठ बजे एजाज होटल की पार्किंग में दाखिल हुआ और पंकज की कार (यूके 06 एपी 3222) को ले गया।
थोड़ी देर बाद आकर वह एक ई रिक्शा को भी ले गया। अगली सुबह जब पंकज होटल पहुंचे तो उन्हें होटल के सीसीटीवी कैमरों से मामले की जानकारी मिली और उन्होंने आदर्श कॉलोनी चौकी में केस दर्ज कराया। एजाज की धरपकड़ में जुटे चौकी प्रभारी ओमप्रकाश ने पंकज की कार में लगे जीपीएस की लोकेशन ट्रेस कर ऐजाज की धरपकड़ के लिए जाल बिछाया।
मंगलवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ऐजाज गल्ला मंडी चौराहा काशीपुर रोड पर वाहनों को ठिकाने लगाने की फिराक में है। टीम ने मौके पर पहुंचकर ऐजाज को गिरफ्तार कर चोरी के दोनों वाहन बरामद कर लिए। बाद में कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।