हल्द्वानी/भीमताल। गरुड़ताल में डूबे निजी विश्वविद्यालय के बीटेक अंतिम वर्ष के दो छात्रों के शवों को एसडीआरएफ की टीम ने रविवार सुबह निकाल लिया। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। दोनों शवों का रविवार को हल्द्वानी में पोस्टमार्टम किया गया।
थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि एक यूनिवर्सिटी के छह छात्र शनिवार दोपहर आउट पास लेकर गरुड़ताल घूमने गए थे। जहां सभी छात्र ताल में तैरने लगे लेकिन रामपुर रोड हल्द्वानी के ग्राम हल्दूपोखरा, आनंदपुर निवासी अक्षय दरम्वाल (23) पुत्र राजेंद्र दरम्वाल और कोतवाली पिथौरागढ़ निवासी रितेश वर्मा (24) पुत्र हरीश लाल वर्मा बीच ताल में जा पहुंचे। जहां पानी गहरा होने से दोनों छात्र डूब गए।
अक्षय के ताऊ प्रताप सिंह दरम्वाल ने बताया कि उनका भतीजा बीटेक अंतिम वर्ष की परीक्षा देकर रविवार को घर लौटने वाला था लेकिन दोपहर बाद मनहूस खबर आ गई। फार्मर राजेंद्र सिंह के दो बेटों में अक्षय बड़ा था। उसका दिल्ली की एक कंपनी में नौकरी के लिए बड़े पैकेज पर चयन भी हो गया था। अक्षय से उसके छोटे भाई अंशुमान उर्फ अंशु से ढाई बजे बातचीत हुई थी। ब्लाक प्रमुख आनंद दरम्वाल ने कार्रवाई की बात कही है।उधर, परिजनों ने इस बात पर नाराजगी जताई है कि उन्हें घटना की सूचना रात में दी गई। थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि परिजनों ने तहरीर नहीं सौंपी है।
बीटेक के दोनों छात्रों के शव मिले तो मचा कोहराम
शनिवार शाम गरुड़ताल में तैरते समय डूबे थे दो छात्र, परीक्षा देकर आना था घर, आ गई मनहूस खबर
शिक्षक का बेटा था रितेश
गरुड़ताल में डूबा रितेश वर्मा पिथौरागढ़ जिले के पितरौला निवासी शिक्षक हरीश लाल का बेटा था। उसकी मां दीपा रोडवेज में कर्मचारी है। तीन भाई बहनों में रितेश दूसरे नंबर का था। उसकी बहन बरेली में पढ़ाई कर रही है। छोटा भाई ऋतिक वर्मा 11 वीं कक्षा में पढ़ता है।
शांत इलाके में चल रही नशे की पार्टियां
शहर से आठ किमी दूर जंगलों के बीच घिरे गरुड़ताल में रोजाना सैकड़ों लोग घूमने आते हैं। जहां क्षेत्र के शांत, सुनसान देख लोग शराब, बियर, नशे की पार्टियां कर रहे हैं। नशे की हालत में ताल में तैरकर अपनी जिंदगी खतरे में डाल रहे हैं, जबकि सातताल स्टेट की ओर से ताल में तैरने, शराब पीने से मना करने का चेतावनी बोर्ड लगाया है, लेकिन लोग बोर्ड की अनदेखी कर शराब पीने के साथ ताल में तैरते रहते हैं। भीमताल नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष सतीश लाल वर्मा ने जिला प्रशासन से तालाबों, नदियों के किनारे तैरने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।