हल्द्वानी। रोडवेज बस में सवार एक व्यक्ति का पर्स साफ हो गया। इसमें 37 हजार रुपये थे। वह अपनी पत्नी के साथ नैनीताल जा रहे थे। पत्नी ने कोतवाली थाने के सामने बस रुकवा कर हंगामा खड़ा कर दिया। पुलिस ने आधे घंटे तक बस में यात्रियों की तलाशी ली मगर रुपये नहीं मिल सके।
लामाचौड़ निवासी त्रिभुवन चंद्र जोशी अपनी पत्नी भारती जोशी और परिवार के सदस्यों के साथ रोडवेज बस से मंगलवार की दोपहर नैनीताल घूमने के लिए जा रहे थे। रोडवेज स्टेशन से जैसे ही बस रवाना हुई त्रिभुवन ने पत्नी भारती को बताया कि उनका पर्स गायब है। पर्स में 37 हजार रुपये और अन्य कागजात थे। इस पर भारती ने शोर मचाते हुए कोतवाली थाने के सामने रोडवेज बस रुकवा दी। भारती के हंगामा करने पर कोतवाली पुलिस पहुंच गई। पुलिस वालों ने यात्रियों की तलाशी लेनी शुरू कर दी। इस दौरान सड़क पर भीड़ इकट्ठा हो गई। छानबीन के बावजूद यात्री का पैसा नहीं मिल सका। कयास लगाया जा रहा है कि उचक्का पर्स मारने के बाद बस से उतर गया होगा।
सावधान! चोर-उचक्कों से बचके रहना
रोडवेज बस में यात्री के 37 हजार पार
पत्नी के साथ नैनीताल जा रहे थे, थाने के सामने हंगामा करने पर रुकवाई बस, पुलिस ने यात्रियों की तलाशी ली
इधर, शनिबाजार से महिला का पर्स उड़ाया
हल्द्वानी। शनिबाजार में उचक्कों ने एक महिला का पर्स पार कर दिया। पर्स में 4500 रुपये, मोबाइल सिम, आधार कार्ड और स्कूटी की चाभी थी। पुलिस अब तक उचक्कों का पता नहीं लगा पाई है।
रामपुर चकलुआ निवासी देवेंद्र सिंह बसेड़ा की पत्नी ज्योति बसेड़ा शनिवार को शनिबाजार में सामान खरीदने के लिए गई थीं। इस बीच उचक्कों ने पर्स पार कर दिया। आरोप है कि बनभूलपुरा थाने पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने सिर्फ सिम कार्ड गुम होने की तहरीर लिखने की सलाह दी। अन्य सामान का जिक्र नहीं करने के निर्देश दिए। नहीं चाहते हुए भी ज्योति को सिम गुम की तहरीर लिखनी पड़ी।