नैनीताल। कानपुर से लौटी मल्लीताल कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को सीजेएम कोर्ट से फर्जी कर्नल का बी वारंट ले लिया है। फर्जी कर्नल को 10 जून को नैनीताल लाकर सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।
जिला औरैया यूपी निवासी फर्जी कर्नल सूर्यप्रताप सिंह उर्फ मनोज कुमार सिंह फर्जी कर्नल बनकर नगर के एक होटल में रहा। इस दौरान वह कई लोगों से लाखों रुपये ठग कर 15 मई को भाग गया था। 16 मई को यहां रिपोर्ट होने पर कानपुर पुलिस ने 18 मई को उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद से मल्लीताल कोतवाली पुलिस उससे पूछताछ करने का प्रयास कर रही है। कर्नल को कानपुर जेल से यहां लाकर पूछताछ करना चाहती है। इसके लिए सीजेएम कोर्ट के बी वारंट की जरूरत है। इसके लिए 23 मई को कानपुर से दस्तावेजी सबूत जुटाकर लौटीं केस की विवेचक एसआई रेवती पंत ने शुक्रवार को सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट ने प्रार्थना पत्र को स्वीकार कर लिया और आरोपी को कोर्ट में पेश करने के लिए 10 जून की तारीख तय की। अब पुलिस आरोपी कर्नल को दस जून को कोर्ट में पेश करेगी। इसी दौरान मल्लीताल कोतवाली पुलिस ठगे गए रुपये आदि बरामद करने के लिए उसे रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी। एसआई रेवती ने बताया कि आरोपी के यहां आने पर सीजेएम कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर उसे रिमांड पर लेने का प्रयास किया जाएगा।
मल्लीताल पुलिस को मिला फर्जी कर्नल का बी वांरट
10 जून को आरोपी को लाया जाएगा सीजेएम कोर्ट
लाखों रुपए ठगकर फरार हो गया है फर्जी कर्नल