नैनीताल। कोलकाता से सरोवर नगरी घूमने आए पर्यटक प्रदीप रॉय की शुक्रवार को होटल के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के दौरान पर्यटक के परिजन नैनीताल घूमने गए थे।
तेगुड़िया, पीओ. बागवीहाटी- 24 परगना, पश्चिम बंगाल के निवासी प्रदीप रॉय (52) पुत्र भानु रॉय अपनी पत्नी समेत परिवार के पांच सदस्यों के साथ बुधवार शाम नैनीताल घूमने पहुंचे थे। शुक्रवार सुबह उन्होंने अपने परिजनों को शहर के पर्यटन स्थलों पर घूमने के लिए भेज दिया जबकि स्वास्थ्य खराब होने के कारण वे होटल के कमरे में ही रुक गए। उनके परिजन जब दोपहर करीब एक बजे होटल लौटे तो उन्होंने प्रदीप को बेहोशी की हालत में पाया। प्रदीप को बेहोश देख परिजन घबरा गए और होटल कर्मियों की मदद से उनको बीडी पांडे जिला अस्पताल लेकर आ गए। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं मौके पर पहुंचे एसआई शंकर सिंह नयाल ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डॉक्टरों की मानें तो प्रथम दृष्टया मौत कारण दिल का दौरा पड़ना माना जा रहा है।
कोलकाता से आए पर्यटक की नैनीताल में मौत
परिजन गए थे नैनीताल घूमने, दिल के दौरे की आशंका