सागौन के लट्ठों से लदा ट्रक और पिकप पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
शक्तिफार्म। किशनपुर वन क्षेत्र में लकड़ी तस्करी जोरों पर है। सोमवार को तराई पूर्वी वन प्रभाग के गश्ती दल ने सागौन के लट्ठों से लदे ट्रक और पिकप को पकड़ा। टीम को देखते ही वन तस्कर मौके से फरार हो गए। टीम ने उनकी बाइक भी मौके से जब्त की है।
किशनपुर रेंज के गौला नंबर तीन बीट से तस्करों ने कई सागौन के पेड़ काट डाले। मुखबिर की सूचना पर दल ने मौके पर घेराबंदी की। वन कर्मियों की भनक लगते ही तस्कर फरार हो गए। टीम ने ट्रक संख्या (एचएनएल-3556) में नौ सागौन के लट्ठे और पिकप संख्या (यूके04सीबी-1357) पर तीन लट्ठे लदे पाए। साथ ही लगभग 25 लट्ठे मौके पर कटे पाए गए। टीम ने मौके पर वन तस्करों की बाइक (यूके04टी-3465) भी बरामद की। गश्ती दल ने बरामद वाहनों को किशनपुर रेंज कार्यालय में लाकर खड़ा कर दिया। टीम में सुरक्षा दल प्रभारी सुनील गैरोला, दीवान सिंह रौतेला, अमर सिंह, जयदीप जोशी, संजय कुमार आदि शामिल थे। इधर, किशनपुर वन रेंजर जितेंद्र प्रसाद डिमरी ने बताया की जंगल मे कटे सागौन के पेड़ को रेंज परिसर लाया जा रहा है। फरार वन तस्करों के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। वाहनों के पंजीकरण के आधार पर उनके वाहन स्वामियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।