रामनगर (नैनीताल)। गर्जिया के पास कोसी नदी में डूबकर मरी 24 वर्षीय कशिश की बहन ने दिल्ली के टेंपो चालक और उसकी पत्नी के खिलाफ साजिश कर हत्या का आरोप लगाया है। बहन ने दोनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजन पोस्टमार्टम कराने के बाद कशिश का शव लेकर थाने पहुंचे और तहरीर देकर इस मामले की मजिस्ट्रेटी जांच की मांग भी की।
जैतपुर पार्ट-2 नई दिल्ली निवासी आयशा रविवार को रामनगर थाने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि कशिश उसकी बहन थी। आयशा के अनुसार संगम विहार निवासी टेंपो चालक नईम और उसकी पत्नी नगमा कशिश को तीन साल तक अपने साथ रखा था। आरोप लगाया कि उसे स्मैक और चरस का आदी बनाकर गैरकानूनी काम कराए गए। दोनों उनके परिवार वालों को भी कशिश से नहीं मिलने देते थे। आयशा के अनुसार उसकी बहन टेंपो चालक और उसके परिवार के लेनदेन संबंधी कई राज जानती थी। इसी कारण उसे गर्जिया लाकर साजिश के तहत मारा गया। यह भी आरोप लगाया कि साजिश के तहत रोहतक हरियाणा निवासी राजेश उर्फ राजू की कार को बुक करके यहां लाया गया था।
तहरीर देकर मजिस्ट्रेटी जांच की मांग की
कोसी में डूबने से युवती की मौत का मामला
दो साल में केवल 15 मिनट के लिए मिली थी
रामनगर (नैनीताल)। बेटी की मौत से गमजदा मां सलमा ने बताया कि पिछले दो साल से वह कशिश से नहीं मिली थी। पिछले दिनों पैर में चोट लगने की सूचना जब बड़ी बेटी ने बहन को दी, तब वह शनिवार सुबह केवल 15 मिनट के मिलने आई थी। इन दो सालों में नहीं पता कि वह किसके साथ रहती थी। 15 मिनट की मुलाकात के बाद वह यह कहकर चली गई कि फिर मिलेगी।
हल्द्वानी में है घर
रामनगर। कशिश हल्द्वानी के गोपाल मंदिर के पास गली नंबर 17 नई बस्ती की रहने वाली थी। परिवार में पिता इश्तियाक अहमद समेत छह सदस्य हैं। कशिश दूसरे नंबर की थी। बड़ी बहन की शादी हो चुकी है।
ये था मामला
रामनगर। दिल्ली से घूमने आई कशिश गर्जिया मंदिर के पास शनिवार दोपहर कोसी नदी में नहाते समय डूब गई थी। वह संगम विहार के टेंपो चालक रईस और उसके दो बेटों सलमान (15) और अरबाज (13) के साथ गर्जिया मंदिर पहुंची थी। वह दिल्ली में किसी प्राइवेट कंपनी में काम करती थी।
कशिश की बहन ने टेंपो चालक और उसकी पत्नी के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
- रवि कुमार सैनी, कोतवाल रामनगर