खटीमा क्षेत्र के मुंडेली गांव में दो पक्ष करीब साढ़े चार बीघा में खड़ी धान की फसल काटने को लेकर आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर हवाई फायरिंग की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए उठाया। दोनों पक्षों की ओर से देर पुलिस को तहरीर नहीं सौंपी गई थी।
पुलिस के अनुसार मुडेली गांव में एक महिला की साढ़े चार बीघा भूमि है। इसमें मंगलवार सुबह दो पक्ष धान को काटने को लेकर पहुंच गए। इस बीच दोनों में पहले विवाद और फिर हथियार निकल आए। चर्चा रही की इस बीच एक पक्ष की ओर से हवाई फायरिंग भी की गई। इससे काफी देर तक गांव में अफरातफरी मच गई। फायरिंग की सूचना मिलने पर एसएसआई देवेंद्र गौरव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक काफी लोग इधर-उधर हो गए। पुलिस ने एक पक्ष के एक व्यक्ति को उठाया और उससे पूछताछ की गई। एसएसआई ने बताया कि फायरिंग को लेकर विडियो फुटेज की जांच की जा रही है। जांच में फायरिंग सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह भी चर्चा रही कि मामले में नानकमत्ता क्षेत्र के कुछ दबंग भी लिप्त हैं। जिनका पहले हुए भूमि विवादों में नाम चर्चा में रहा है। फिलहाल पुलिस को किसी भी पक्ष ने तहरीर नहीं सौंपी थी।