रामनगर (नैनीताल)। छात्र संघ चुनाव के बाद खुले कॉलेज में छात्रों के गुटों में मारपीट हो गई। सूचना पर भारी संख्या में पुलिस कॉलेज पहुंची। ऐसी घटनाएं रोकने के लिए कॉलेज प्रशासन ने बिना वर्दी, आईकार्ड दिखाए नो एंट्री लागू की है।
सभी महाविद्यालयों में आठ सितंबर को छात्र संघ चुनाव हुए थे। इसके बाद बुधवार को खुले कॉलेज का पहला दिन शांतिपूर्ण रहा, लेकिन दूसरे दिन बृहस्पतिवार सुबह करीब 11:30 बजे कॉलेज के अंदर गेट के पास छात्रों के दो गुट भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई। कॉलेज प्रशासन की सूचना पर तीन एसआई समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा लेकिन तब तक आरोपी भाग गए। वह बाहरी तत्व बताए गए हैं। पुलिस ने कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली, लेकिन हमलावरों के चेहरे साफ नहीं दिख सके। प्राचार्या डॉ. हेमा प्रसाद ने बताया कि शांति, व्यवस्था बनाए रखने के लिए अब छात्र-छात्राओं को परिचय पत्र या शुल्क जमा रसीद दिखाने पर ही कॉलेज में आने दिया जाएगा। छात्र-छात्राओं को ड्रेस पहनकर आना होगा। एसएसआई कश्मीर सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मारपीट करने वाले छात्रों की पहचान की जा रही है। फिलहाल किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
अब बिना वर्दी, आईकार्ड दिखाए डिग्री कॉलेज में नो एंट्री
छात्रों में हुई मारपीट को चुनावी रंजिश मान रही पुलिस
पुलिस ने कॉलेज परिसर में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली