सितारगंज। अनुसूचित जाति के युवक की हत्या में फरार इनामी हत्यारोपी को पुलिस टीम ने आज पुलभटटा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेेश किया। जहां से उसे जेेल भेज दिया गया।
प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि आठ मार्च 2015 को वार्ड संख्या छह नहरपार निवासी बबलू पुत्र सोमपाल की बीएस इंजीनियरिंग वर्कशॉप में काम के दौरान पिता-पुत्रों समेत चार लोगों ने हत्या कर दी थी।
मृतक के पिता सोमपाल ने ग्राम खाता थाना देवरनिया जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) निवासी शोभाराम, उसके बेटे सुनील कुमार, राजकुमार व खेमपाल उर्फ खेमेंद्र पर हत्या का आरोप लगाते हुए आईपीसी की धारा 302 व 147 एवं तीन की उपधारा दो एससी एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने शोभाराम, सुनील और राजकुमार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि खेमपाल हत्थे नहीं चढ़ा था।
जिस पर बीते वर्ष अगस्त में एसएसपी डॉ. सदानंद दाते ने उस पर 2500 रुपये का इनाम घोषित किया था। बताया कि मुखबिर की सूचना पर बुधवार को आरोपी खेमपाल को पुलभट्टा सेेेे गिरफ्तार कर लिया गया। कोर्ट में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
टीम में उनके अलावा एसएसआई मदन मोहन जोशी, एसआई धीरज वर्मा, कांस्टेबल नरेंद्र सिंह, दीपक सिंह, बलवंत सिंह, अमित मलिक, कमलनाथ आदि थे।