नैनीताल। शहर में एक भगोड़े दूल्हे का मामला सामने आया है। यहां दुल्हन को धोखा देकर दूल्हा रुपये, जेवरात, कागजात लेकर खिसक लिया। पुलिस ने पत्नी को मायके लखनऊ भेज दिया।
मूल रूप से जिला सुल्तानपुर निवासी 22 वर्षीय युवती ने बृहस्पतिवार को पुलिस से मौखिक शिकायत की। बताया कि उसकी शादी 25 वर्षीय युवक से रामनगर के गर्जिया मंदिर में हुई थी। दोनों चार वर्षों से प्यार करते थे। युवती अभी स्नातक के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही है जबकि युवक स्नातक पास किया है। युवती को युवक ने एक बार फिर फेसबुक से दिसंबर 2017 को संपर्क किया। कहा कि उनकी शादी हो गई है और वह उससे अभी भी प्यार करता है। युवक 28 मार्च 2018 को युवती के घर पहुुंचा और उसे लेकर अपने बड़े भाई के ससुराल मदद के लिए पहुंचा। इस बीच युवती अपनी मां के गहने चोरी कर ले गई। दोनों ने परिजनों के सुझाव पर तीन अप्रैल को कोर्ट मैरिज कर ली। उसके सूट केस में 70 हजार नगद, दो कड़े, दो चेन के साथ युवती के कुछ दस्तावेज थे। बताया कि दोनों नैनीताल से मैदान जाने वाले थे, जहां किराए के मकान में उनका सारा सामान रखा है। युवती ने बताया कि परसों तक सब ठीक चल रहा था, जब बहन और भाई के मैसेज ने युवक को असहज कर दिया। मैसेज में लिखा था कि तूने घर बर्बाद कर दिया है और तू अब हमारे लिए मर गया है। युवती ने बताया कि वह सो रही थी। युवक सिगरेट पीने के बहाने बाहर गया, जब उसकी आंख लगी तो युवक सारा सामान, शादी का सर्टिफिकेट लेकर चंपत हो गया। उसने चारों तरफ ढूंढा लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। अब कहना है कि वह यहां अकेले रह गई है। पुलिस ने युवती के परिजनों से वार्ता के बाद उसे टैक्सी से परिजनों के पास लखनऊ भिजवा दिया है।
दोनों रामनगर के मालधनचौड़ में किराए के मकान में रह रहे थे। वे दोनों 11 अगस्त को नैनीताल पहुंचे थे और होटल में ठहरे थे। बृहस्पतिवार सुबह जब वह उठी तो गायब थे। उसने जब सामान देखा तो उसके कपड़ों के अलावा जेवर, रुपये, सर्टिफिकेट आदि सब जा चुके थे। युवती का कहना है की उसके पिता ने युवक के परिजनों को दोनों की शादी करने की प्रार्थना की थी लेकिन परिजनों ने साफ इंकार कर दिया। युवती के अनुसार दोनों परिवारों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद दोनों ने घर छोड़ने का निर्णय लिया। उसने बताया कि वह 14 सितंबर 2017 को नैनीताल के इसी होटल में आए थे। युवती के अनुसार दोनों ने एक बार फिर से भागकर शादी करने की ठानी और इसके लिए पांच अक्तूबर 17 को उन्होंने गर्जिया मंदिर में शादी कर ली। कुछ समय बाद 31 अक्तूबर को युवक की मां ने फोन पर, शादी कराने, साथ रहने का प्रलोभन देकर दोनों को बुला लिया। इसके बाद लोकलाज का वास्ता देकर युवती को दोनों बहनें घर छोड़ आई। युवती ने युवक के परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने उसे नशीले इंजेक्शन दिए, जिसके बाद उसने आत्महत्या का प्रयास भी किया था।