किच्छा। बहेड़ी से वसूली करने आए एक व्यापारी को कुछ लोगों ने सिरौली में मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। घायल को अस्पताल भर्ती कराया गया है। घायल को साथ लाने वाले उसके रिश्तेदारों ने हमलावरों पर व्यापारी से दो लाख नकदी और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। बहेड़ी के शुखुपुरा मोहल्ला निवासी मो. कमर (25) का चावल का कारोबार है।
कमर को देर शाम रुद्रपुर निवासी उसके रिश्तेदार मो. जाहिद ने घायल अवस्था में अस्पताल भर्ती कराया। कमर के सिर पर गंभीर चोटें आई है। जाहिद ने बताया कि कमर सिरौली के मोहल्ले चार बीघा में अपने सामान की वसूली के लिए आया था। जिन लोगों से कमर को पैसे लेने थे उन्होंने लाठी डंडों से उसे घायल कर दिया। आरोप लगाया कि हमलावरों ने कमर के पास से दो लाख रुपये, एक मोबाइल छीन लिया। बताया कि घटना की जानकारी पुलभट्टा पुलिस को दी है।