रामनगर (नैनीताल)। ब्रजघाट से दिल्ली तक अनुमति वाली यूपी रोडवेज की एक अनुबंधित बस ने पैसों के लालच में रामनगर तक की सवारियां भर लीं। चेकिंग के दौरान एआरटीओ ने बस को सीज कर दिया। बताया जा रहा है कि सोमवार को भी नियमों की अनदेखी करने पर इसी बस को पकड़ा गया था।
मंगलवार को एआरटीओ विमल कुमार पांडे ने शिवलालपुर चुंगी के समीप बस संख्या यूपी 11 टी/3579 को रोका। बस चालक के पास रामनगर तक का परमिट मौजूद नहीं होने पर उसे सीज कर दिया। एआरटीओ ने बताया कि उक्त बस को सोमवार को भी पकड़ा गया था लेकिन 13900 रुपये का जुर्माना वसूलकर छोड़ दिया गया था।
विमल पांडे ने बताया कि उक्त बस का परमिट ब्रजघाट से दिल्ली रूट के लिए है लेकिन बस चालक बस को रामनगर से दिल्ली तक चला रहा था। जब बस को सीज किया गया तो उसमें 35 यात्री सवार थे। उन्हें दूसरी बस से गंतव्य को रवाना किया गया। बस को सीज कर कार्यालय में खड़ा किया गया है।
परमिट ब्रजघाट तक का, सवारियां भर लीं रामनगर तक
एआरटीओ ने बस को पकड़कर किया सीज