नैनीताल। महिला फड़ कारोबारी ने नगर पालिका के एक कर्मचारी पर अभद्रता और पीटने का आरोप लगाते हुए मल्लीताल थाने में तहरीर दी है। दूसरी ओर पालिका कर्मियों ने ईओ को पत्र देकर फड़ कारोबारी पर भी पीटने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाया है। उन्होंने ऐसे में अतिक्रमणकारियों से पंत पार्क की रक्षा कर पाने में असमर्थता जताई है।
बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे एक महिला फड़ कारोबारी मल्लीताल कोतवाली पहुंची। महिला ने आरोप लगाया कि नगर पालिका के एक कर्मी ने उसके साथ अभद्रता कर पीट दिया। साथ ही गला दबाने का भी आरोप लगाते हुए तहरीर दी। जबकि पालिका कर्मचारियों ने ईओ रोहिताश शर्मा को पत्र देकर बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करते हुए हम लोग पंत पार्क और उसके आसपास स्थित पालिका की जमीन की रक्षा कर रहे हैं। पालिका कर्मियों ने बताया कि बुधवार को अवैध फड़ हटाने के दौरान फड़ कारोबारियों ने सरकारी कार्य में बाधा डाली। ऐसे में वह पंत पार्क की रक्षा नहीं कर सकते हैं। तमाम पालिका कर्मचारियों ने इन हालातों में काम करने में असमर्थता जताई है। मल्लीताल एसएसआई बीसी मासीवाल ने बताया कि प्रकरण की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
पीड़ित ने मल्लीताल कोतवाली में कार्रवाई को दी तहरीर
पालिका कर्मियों ने भी पार्क की रक्षा करने में जताई असमर्थता