नैनीताल। आत्महत्या करने की आशंका में शुक्रवार को तल्लीताल पुलिस ने शोध छात्र को हिरासत में ले लिया।
नानकमत्ता निवासी गिरीश चंद्र जोशी ने वर्ष 2012 में कुविवि में फिजिक्स से पीएचडी करने के लिए प्रवेश लिया था। गिरीश चंद्र ने कहा कि अगर सब कुछ ठीक रहता तो उसे 2015 में पीएचडी की डिग्री मिल गई होती, लेकिन गिरीश का अपने गाइड से विवाद हो गया। गिरीश ने दो मई को कुलपति, राज्यपाल और पीएमओ को भेजे ई-मेल में बताया कि वह पीएचडी डिग्री न मिलने से परेशान है। गिरीश ने कुलपति को भी एक पत्र भेजा, जिसमें उसने उनसे मिलने आने की बात कही।
गिरीश ने तल्लीताल थाने में बताया कि उसने कुलपति को ई-मेल से कहा था कि अगर कुलपति उसके साथ कोई अप्रिय घटना कराकर उसे आत्महत्या का नाम देना चाहें तो दे सकते हैं। इसके बाद गिरीश शुक्रवार सुबह लगभग दस बजे कुविवि जा रहा था। तल्लीताल पुलिस ने ज्योलीकोट से उसे हिरासत में ले लिया। प्रभारी एसओ मनवर सिंह ने बताया कि आत्महत्या करने की आशंका के चलते गिरीश को हिरासत में लिया है और शांतिभंग की आशंका में उसका चालान किया गया है।
आत्महत्या की आशंका में शोध छात्र हिरासत में, चालान
तल्लीताल पुलिस ने ज्योलीकोट से लिया हिरासत में