कालाढूंगी (नैनीताल)। नैनीताल घूमकर रविवार को घर लौट रहे रामपुर यूपी के पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार तीन महिलाओं समेत सात लोग घायल हो गए। उन्हें कालाढूंगी अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
उत्तर प्रदेश के रामपुर के कस्बा घेर सलामत खां के परिवार के सदस्य कार संख्या यूपी 24 एच 4197 से नैनीताल घूमकर लौट रहे थे। कालाढूंगी से 6 किमी पहले उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। कार में रेशमा (40) पत्नी रशीद खान, रुखसार (22) पत्नी असद खान, आशु (20) पुत्र जमील, कामरान खान (18) पुत्र असद खान, इस्मा (18) पुत्री रईस सहित दो छोटे बच्चे सवार थे। हादसे में सभी लोग घायल हो गए। घटना के बाद राहगीरों और पुलिस ने घायलों को कालाढूंगी अस्पताल पहुंचाया। जहां सभी को प्राथमिक उपचार देने के बाद हल्द्वानी भेज दिया गया।
चारों दरवाजे लॉक होने से बची जान
मुख्य मार्ग से 20 फीट सड़क से नीचे गिरी कार के संयोग से चारों दरवाजे लॉक हो गए थे, जिससे सभी की जान बच गई। दुर्घटना के समय यदि कार के दरवाजे खुल जाते तो बड़ी घटना घट सकती थी। सड़क से गिरते ही कार एक पेड़ से सीधे टकराने के बाद खाई में चली गई।