गरुड़ (बागेश्वर)। किशोरी से छेड़छाड़ के नामजद आरोपी वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. संजीव सरना के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने से जन आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस ने बुधवार को मजिस्ट्रेट के सामने पीड़ित किशोरी के 164 कलमबंद बयान कराए।
मोहन सिंह मेहता सीएचसी बैजनाथ के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. संजीव सरना के खिलाफ भकुनखोला के एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाते हुए बैजनाथ थाने में एक मार्च को प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की विवेचना कर रही थाना बैजनाथ की सब इंस्पेक्टर निधि शर्मा ने बताया कि बुधवार को पीड़ित किशोरी के मजिस्ट्रेट के सामने 164 कलम बंद बयान हुए है।
मामले की जांच जारी है। वहीं मामले में नामजद आरोपी डॉ. के खिलाफ विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं करने से जन आक्रोश बढ़ता जा रहा है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार, भाजपा के जिला महामंत्री शिव सिंह बिष्ट, मंडल अध्यक्ष मंगल राणा, सांसद प्रतिनिधि घनश्याम जोशी, कै. कुंदन सिंह कबडोला, बलवंत भंडारी, जिला पंचायत सदस्या गोदावरी, बसंत नेगी ने सरकार से आरोपी डॉक्टर को बर्खास्त करने की मांग की है।
आरोपी डॉक्टर को जिले से बाहर भेजने और मामले की जांच के संबंध में मैैंने डीजी हेल्थ से कह दिया है। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को मामले में वह सीएम से मिलेंगे। - चंदन दास, विधायक, बागेश्वर।