नैनीताल। तमन्ना के परिजनों को आरोपी पति सद्दाम और उसके सहयोगियों की तरफ से धमकी मिल रही है कि वह मुकदमा वापस ले लें वरना परिणाम गंभीर होगा। धमकी से घबराए तमन्ना के परिजन बुधवार को आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करने नैनीताल पहुंचे और पुलिस से शिकायत की।
दिल्ली के मंडोली गांव निवासी तमन्ना की लगभग डेढ़ महीने पहले भूमियाधार के पास पहाड़ी से गिरकर मौत हो गई थी। नोएडा के गांव अट्टा निवासी पति सद्दाम ने बताया था कि पहाड़ी से पैर फिसलकर गिर जाने के कारण तमन्ना की मौत हुई। जबकि भाई आसिफ ने इसे दहेज हत्या करार देते हुए तल्लीताल थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। केस की विवेचना सीओ सिटी विजय थापा कर रहे हैं। अभी तक आरोपी पति सद्दाम की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। बुधवार को तमन्ना की बड़ी बहन रुखसाना, भाई आसिफ और परवेज नैनीताल पहुंचे। यहां परिजनों ने बताया कि तमन्ना के ससुराली कम दहेज दिए जाने के कारण नाराज चल रहे थे। पति सद्दाम का रवैया तमन्ना के प्रति ठीक नहीं था।
तमन्ना के उसके घर पर रहने के दौरान पति सद्दाम ने उसके साथ समय नहीं बिताया। जब तक तमन्ना ससुराल में रही सद्दाम हमेशा नाइट ड्यूटी पर रहा। फिर अचानक नैनीताल लाकर तमन्ना की हत्या कर दी गई। बहन और दोनों भाइयों ने बताया कि पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। जबकि आरोपी सद्दाम से अभी तक पूछताछ नहीं की गई है। उन्होंने जल्द से जल्द आरोपी पति सद्दाम की गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों ने कहा कि सद्दाम खुलेआम घूम रहा है और उन पर समझौते का दबाव बना रहा है।